भिलाई. छत्तीसगढ़ सरकार ने आयोग, निगम, मंडलों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों की नई सूची जारी कर दी है। इस सूची में रायपुर संभाग से 14, बस्तर से 6, सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग से संभाग से 4-4 नेता और विधायकों के नामों पर मुहर लगी है। दुर्ग संभाग में जिन चार लोगों को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है उसमें पहला नाम दुर्ग विधायक अरूण वोरा का है। वोरा को छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन का चेयरमेन बनाया गया है। वहीं पूर्व महापौर नीता लोधी को अंत्याव्यवसायी सहकारी, वित्तीय एवं विकास निगम का वाइस प्रेसीडेंट बनाया गया है।
दुर्ग के धनेश को एससी वर्ग से अंत्याव्यवसायी सहकारी, वित्तीय एवं विकास निगम का प्रेसीडेंट नियुक्त किया गया है। इसके अलावा महेश चंद्रवंशी को राज्य बैकवर्ड क्लास कमीशन का सदस्य बनाया गया है। सूची में सबसे बड़ा नाम पूर्व महापौर रायपुर किरणमयी नायक का है। उन्हें राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है।
निगम-मंडल में दुर्ग संभाग के 4 नेताओं को मिली जगह, 32 नामों में विधायक अरूण वोरा और नीता लोधी भी शामिल
छत्तीसगढ़ में निगम-मंडल की पहली सूची बुधवार सुबह जारी की गई है। मंगलवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री आवास में संपन्न हुई। ज्यादातर विधायक बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में निगम-मंडल की नियुक्ति को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद निगम-मंडल के लिए नेताओं की पहली सूची जारी कर दी गई है।
पहली सूची में कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस संगठन के बड़े नेताओं को तरजीह है। सत्ता और संगठन में समन्वय स्थापित करते हुए कई विधायकों को भी इसमें स्थान दिया गया है। 15 संसदीय सचिवों के बाद पांच प्राधिकरणों में 15 विधायकों को पहले ही पद दिया जा चुका है।